समझदारी और संवेदनशीलता से टली अनहोनी, सकुशल मिले लापता मासूम भाई-बहन

अंगद राही : 9451250668
........................................
बछरावां,रायबरेली। रविवार की सुबह मिलएरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ गांव से रहस्यमय ढंग से लापता हुए मासूम भाई-बहन की सकुशल बरामदगी ने न केवल परिजनों को राहत दी, बल्कि पुलिस और एक जागरूक नागरिक ने मानवता की मिसाल पेश की। आठ वर्षीय निखिल और तीन वर्षीय नित्या, जो घर के आसपास साइकिल चला रहे थे, अनजाने में अपने नन्हें कदमों से साइकिल चलाते हुए लम्बा सफर तय कर बछरावां थाना क्षेत्र के पहुरावा गांव तक पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रेंजर साइकिल से लखनऊ–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पकड़ कर निकल पड़े। मासूम मन में अपने पैतृक गांव सुदौली जाने की इच्छा लिए वे आगे बढ़ते चले गए।

 रास्ते में साइकिल पंचर हो जाने से वे परेशान और डरे हुए नजर आए। इसी दौरान पहुरावा गांव निवासी भगवती प्रसाद पुत्र छोटेलाल की नजर दोनों बच्चों पर पड़ी। उनकी मासूमियत और घबराहट ने उन्हें चौंका दिया। पूछताछ करने पर बच्चों ने बताया कि वे सुदौली पैतृक गांव जा रहे हैं।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तभी संयोगवश उधर से गुजर रहे बछरावां थाने के दरोगा सैयद नियाजी हुसैन ने भीड़ देखकर रुकना उचित समझा। बच्चों से बातचीत करते ही उन्होंने उन्हें हाल ही में लापता बताए गए निखिल और नित्या के रूप में पहचान लिया। बिना देर किए दरोगा दोनों बच्चों को उनकी साइकिल सहित थाने ले आए।
थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी। बच्चों को सामने देख मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने बछरावां पुलिस और भगवती प्रसाद का आभार जताते हुए कहा कि यदि समय पर यह समझदारी न दिखाई जाती, तो अनहोनी भी हो सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्क नागरिक और संवेदनशील पुलिस मिलकर समाज में भरोसे की लौ जला सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

शिवगढ़ में फाइलेरिया जागरूकता मैत्रीय क्रिकेट मैच सम्पन्न

नगर पंचायत शिवगढ़ ने अरबाज इलेवन को 11 रनों से किया पराजित   रायबरेली। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे फाइलेरिया ...