अंगद राही
----------------
चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
रायबरेली। चचेरे पोते ने रिश्तों को कलंकित करते हुए चचेरी दादी की दिन दहाड़े कुल्हाड़ी से काटकर नृसंश हत्या कर दी, इतना ही नहीं रक्त रंजित कुल्हाड़ी लेकर ग्रामीणों को ललकराते हुए मृतका के मासूम पोते और उसकी बहू प्रिया को जान से मारने के लिए दौड़ा किन्तु वह बेटे को गोदी में चीखते चिल्लाते हुए किसी तरह जान बचाकर भाग निकली। मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कृष्णपाल खेड़ा मजरे रानीखेड़ा का है जहां सोमवार को प्रातः 10 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने चचेरी दादी की दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया और ग्रामीण दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार आरोपी सोनू गौतम (25) पुत्र राजकुमार का घर मृतका तारावती (55) पत्नी रामप्रताप गौतम के घर के ठीक सामने है। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम आरोपी शराब के नशे में धुत होकर तारावती के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। मृतका के बेटे दिलीप कुमार का आरोप है कि इस दौरान उनकी मां और बेटियों को भी गंदी-गंदी गालियां और जान से मारने की धमकी दे रहा था। भयभीत होकर परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, सोमवार को दिनदहाड़े आरोपी ने कुल्हाड़ी से तारावती पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मोहल्ले के ही रहने वाले धर्मराज ने जान जोखिम में डालकर कुल्हाड़ी न छीनी होती तो आरोपी कई लोगों को मौत के घाट उतार देता। घटना की सूचना मिलते ही शिवगढ़ और बछरावां थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी सोनू को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। मामले में पुलिस ने मृतका के बेटे दिलीप की तहरीर पर आरोपी सोनू व उनके भाई नीरज, धीरज, पिता राजकुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंचार्ज थाना प्रभारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने संकलित किए सबूत
घटना स्थलपर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
हत्यारे सोनू से परेशान थे ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि हत्यारा सोनू आए दिन शराब के नशे में ग्रामीणों को गन्दी-गन्दी गालियां देने के साथ ही धमकाता रहता था। इससे पूर्व भी एक बार सोनू मृतका के ऊपर जानलेवा हमला कर चुका था। किन्तु गांव के ही सभ्रान्त नागरिकों ने मामला पारिवारिक समझकर आपसी सुलह समझौता कर दिया था। आरोप है कि सोनू कई बार तो गलत नियति से लोगों के घरों में घुस चुका है।
गम्भीरता दिखाती पुलिस तो बच सकती थी महिला की जान
मृतका के बेटे दिलीप कुमार का आरोप है कि रविवार की शाम हत्यारा सोनू उनके घर आया और उसकी मां और बेटियों को भी गंदी-गंदी गालियां और जान से मारने की धमकी दे रहा था। भयभीत होकर डायल 112 पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, लिहाजा सोमवार को दिनदहाड़े आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी मां तारावती पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस निर्मम हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गम्भीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें