सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनमोहक बना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

रायबरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज शिवगढ़ में प्रधानाचार्य शिवपाल यादव की नेतृत्व में भैया बहनों द्वारा हर्षोल्लास पूर्वक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में भैया-बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जन्म एवं उनके बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर आचार्य बहन किरन त्रिवेदी, आकांक्षा शुक्ला, स्वाती, अपूर्वा त्रिपाठी, शालिनी, महक, भानु यादव, महादेव, शैलेंद्र, आलोक सिंह, बुद्धिलाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

उफनाई शिवगढ़ ड्रेन में ढहा पुल का पैरापेट, आवागमन ठप

डीएम के निर्देश पर की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था

अंगद राही 
.....................

रायबरेली। बदावर-दरियावगंज सम्पर्क मार्ग पर स्थित शिवगढ़ ड्रेन के पुल के दोनों तरफ का क्षतिग्रस्त पैरापेट उफना रही ड्रेन में  नीचे से ढह जाने से वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुल सकरा होने और दोनों साइड का पैरापेट गिरने से राहगीरों के साथ ही छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है अन्य साधनों के साथ ही स्कूली का आवागमन भी ठप हो गया है। आवागमन बहाल कराने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सिंचाई विभाग हैदरगढ़ खण्ड 28 ने वैकल्पिक तौर पर पानी में ढह गए पैरापेट के स्थान पर बोरियों में बालू भरवाकर उनकी छल्लियां लगवाने का काम शुरू कर दिया है, ताकि साइकिल, मोटरसाइकिल सवार, छात्र-छात्राएं और छोटे वाहन पुल से सुरक्षित निकल सकें।
पुल के कुछ हिस्से में दोनों ओर पैरापेट न होने और पुल सकरा होने के कारण लोडेड बड़े वाहनों के गुजरने पर बड़ा हादसा हो सकता है। जिसे दृष्टिगत रखते हुए दोनों तरफ संकेतक बोर्ड भी लगाए जाएंगे,ताकी लोगों को हादसे से बचाया जा सके। ज्ञात हो कि मंगलवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका शिवगढ़ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने आई थी तभी वापस जाते समय उनकी आंखों के सामने पुल का पैरापेट ड्रेन में ढह गया था। ऐमापुर प्रधान प्रतिनिधि रमेश सिंह, पूर्व कसना प्रधान रामकिशोर मौर्य, शिवा यादव, रामेश्वर लोधी आदि लोगों ने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण करने की मांग की है।
सिंचाई विभाग हैदरगढ़ खण्ड के अधिशासी अभियन्ता नवनीत कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पानी में ढह चुके पैरापेट के साथ पर बोरियों में बालू भरकर बोरियां लगवाकर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। ड्रेन में पानी कम होने के बाद क्षतिग्रस्त पैरापेट का निर्माण कराया जाएगा।

बेरहम बारिश के कहर से 2 आशियाने धराशाई

अंगद राही
....................

रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कहर से ग्राम पंचायत गूढ़ा और जगदीशपुर में 2 गरीबों के आशियाने भर-भराकर मालवे में तब्दील हो गए। गूढ़ा में प्रेमा देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद उम्र लगभग 87 वर्ष जो पिछले कई सालों से एक क्षतिग्रस्त कोठरी में रहकर जीवन यापन कर रही था। बुधवार को शायंकाल वह दरवाजे बैठी थी तभी उनका आशियाना भर- भराकर मलवे में तब्दील हो गया। जिसके अन्दर दबकर उनकी गृहस्थी नष्ट हो गई। आशियाना धराशाई होने से वृ्द्धा महिला खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गई हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल विवेक सिंह ने हुए नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। हल्का लेखपाल विवेक सिंह ने बताया कि हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है। वहीं शिवगढ़ क्षेत्र के जगदीशपुर में जगत नारायण विश्वकर्मा का आशियाना धराशाई होने से उनकी गृहस्थी नष्ट हो गई। जगत नारायण ने बताया कि बारिश में घर गिरने से वे पत्नी और चार बच्चों के साथ छप्पर के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं, जिनका कहना है कि पात्र होते हुए भी उन्हें आवास नहीं मिला जिन्होंने प्रशासन से आवास मुहैया कराने की मांग की है।

चपटी मार दवा पीने से बिगड़ी युवक की हालत,रेफर

रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के थरि मजरे दहिगवां में बुधवार को अज्ञात कारणों से एक नवयुवक ने चपटी मार कीटनाशक दवा पी ली, जिससे युवक की हालत बिगड़ गई। जानकारी होते ही जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवगढ़ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक की हालत गम्भीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे सीएचसी शिवगढ़ से जिला स्तर के लिए रेफर कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र के थरि गांव से एक युवक को उसके परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे,जिसने चपटी मार दवा पी रखी थी। पुलिस को सूचना देने के साथ ही प्राथमिक उपचार के पश्चात जिसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

वैद्य गुरु एस.एल. शास्त्री की मनाई गई पुण्यतिथि

अंगद राही
....................
रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के दहिगवां ग्राम पंचायत स्थित मठ में वैद्य गुरु एसएल शास्त्री और उनकी धर्मपत्नी श्यामकली की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा और कन्याभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। गौरतलब हो कि
स्व.वैद्य गुरु एसएल शास्त्री का आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रहा। उन्होंने आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से सैकड़ों मरीजों का उपचार कर उन्हें स्वस्थ एवं निरोगी बनाने का कार्य किया। उनके सेवाभाव और चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान को उपस्थित लोगों ने याद किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम वैद्य राजकुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरान्त आयोजित कन्याभोज में कन्याओं को भोजन कराया गया। इस मौके पर वैद्य कृष्ण कुमार, चंद्र किशोर, रामसागर यादव, आकाश, सुभाष, रामकरन, सिद्धार्थ, दिवाकर, आर्यन, गरिमा, हिमांशु, अमन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

खुलासा : अपने ही घर में करीब 3 लाख रुपये की फर्जी चोरी की दम्पति ने रची कहानी

रायबरेली के शिवगढ़ में एक दम्पती ने कर्ज से बचने के लिए अपने घर में 3 लाख रुपये की फर्जी चोरी की कहानी रची। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ और छिपाए गए जेवर बरामद कर लिए गए। पुलिस ने दम्पती को भविष्य में ऐसी झूठी शिकायत न करने की कड़ी चेतावनी दी है।

शिवगढ़ थाना क्षेत्र के सैमरगंज मजरे भौंसी निवासिनी रामादेवी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि शनिवार की रात उनके घर से करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 5000 रुपये नकद चोरी हो गए। उन्होंने बताया था कि वह और उनके पति सुरेश कुमार छत पर सो रहे थे, जबकि सास गया देवी और बेटियां संध्या गुप्ता व निधि गुप्ता नीचे थीं। सुबह करीब 5 बजे नींद खुलने पर उन्हें जीने के दरवाजे खुले मिले और कमरे में रखे दो बक्सों के ताले टूटे हुए थे।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और छानबीन के दौरान पुलिस को दम्पती की कहानी संदिग्ध लगी। गहन पूछताछ में दम्पती ने स्वीकार किया कि उन्होंने कर्ज चुकाने से बचने के लिए अपने ही जेवर छिपाकर चोरी की झूठी सूचना दी थी।

पुलिस ने जांच के बाद छिपाए गए जेवर बरामद कर लिए। शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने दम्पती को थाने बुलाकर बरामद गहने उन्हें सौंपे और भविष्य में ऐसी फर्जी सूचना अथवा शिकायत न करने की कड़ी चेतावनी दी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह न करें।

पिकअप की टक्कर से घायल बाइक चालक ने इलाज के दौरान ट्रामा सेन्टर में तोड़ा दम

शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच बहराइच हाईवे पर हुआ था हादसा


अंगद राही
----------------------
 रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर पिकअप की टक्कर से  घायल बाइक सवार युवक ने इलाज के दौरान लखनऊ ट्रामा टू में दम तोड़ दिया, जिसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गौरतलब हो कि बुधवार को शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर गुड़िया गढ़ी और प्याम खेड़ा के मध्य पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक मुकेश कुमार उम्र 26 वर्ष पुत्र रामकुमार गौतम निवासी पूरे टिकैत, नगर पंचायत शिवगढ़ गम्भीर रूप से घायल हो गया था। जिसे एम्बुलेन्स की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। 
मृतक मुकेश कुमार की फाइल फोटो 

जहां युवक की हालत नाज़ुक देखते हुए चिकित्साधिकारी डा.अनिल कुमार ने प्राथमिक उपचार के उपरान्त उसे लखनऊ ट्रामा 2 के लिए रेफर कर दिया था, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसकी मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया, परिजनों के करुण क्रन्दन से पूरा गांव कराह उठा। बताते हैं कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया था वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप और बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी शिवगढ़ राजीव सिंह ने बताया कि पिकअप और बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है।
 अभी तक घटना के सम्बन्ध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। 

पेशी से वापस लौट रहा था युवक


मृतक मुकेश कुमार रायबरेली से पेशी से वापस लौट रहा था। तभी वह हादसे का शिकार हो गया। मुकेश कुमार की शादी एक साल पूर्व 29 मई 2025 को बछरावां कस्बे की रहने वाली संध्या से हुई थी दिसम्बर  में पति-पत्नी में विवाद हो गया। जिसके बाद से पति-पत्नी दोनों अलग रह रहे थे और दोनों के मध्य मुकदमा चल रहा था। जिसकी पेशी के लिए वह बुधवार की सुबह ही दिल्ली से घर आया था और रायबरेली में पेशी पर हाजिर होने की उपरान्त वहां से वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गुड़िया गढ़ी के पास सड़क दुर्घटना में वह गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान लखनऊ ट्रामा टू में मौत हो गई। मृतक के साले शिव कुमार ने बताया कि उनकी बहन संध्या और बहनोई मुकेश कुमार के बीच मुकदमा चल रहा था किन्तु दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। बुधवार को दोनो के बीच मेडिएशन होना था किन्तु जब हम लोग वहां पहुंचे तो वहां से उनके बहनोई मुकेश कुमार वापस लौट आए थे।

 परिजनों का रो- रोकर बुराहाल

युवक की मौत से पिता रामकुमार, मां शान्ति देवी, बड़े भाई फूलचन्द, छोटे भाई नितेश, छोटी बहन शुभी, पत्नी संध्या का रो-रोकर बुराहाल है।

बैंती में शानो-शौकत के साथ निकला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी

अंगद राही 
----------------
शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैंती, शिवगढ़, असहन जगतपुर में बुधवार को 12 रबी-उल-अव्वल  
के मौके पर ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व शानो-शौकत के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत बैंती में मस्जिद परिसर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। हर साल की तरह पहले मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ शुरू हुआ जुलूस सैय्यद बाबा की मजार से होकर जयचन्दपुर, शिवली होते हुए हजरत सैय्यद शाह बाबा की दरगाह पहुंचा। 

जिसके उपरान्त पुलिस की निगरानी में जुलूस को डीजे के साथ पूरे बैंती कस्बे में घुमाया गया, जो शायंकाल मस्जिद प्रांगण में जाकर समाप्त हुआ। वक्ताओं ने कहाकि पैगम्बर मोहम्मद साहब का जन्म अज्ञानता और अंधकार को दूर कर मानवता को सच्चाई व ज्ञान का संदेश देने के लिए हुआ। उनका जीवन सम्पूर्ण मानव जाति के लिए आदर्श है हमें उनकी सुन्नत को अपने जीवन में उतारना चाहिए। 

बैंती तथा शिवगढ़ पहुंचे महराजगंज उप जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश गौतम, महराजगंज क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने निकाले गए लुलूस का जायजा लिया एवं आयोजकों से बात की।

इस मौके पर शिवगढ थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह, उपनिरीक्षक मनीषा पटेल,प्रधान प्रतिनिधि जानकीशरण जायसवाल, कांग्रेस जिला सचिव एडवोकेट गौरव मिश्रा, राजेंद्र कुमार राज,दीवाना राजेश सिंह, मोहम्मद अजीज खां, आरक्षी लक्ष्मी कान्त यादव, संदीप सिंह, सीटू, अंकित आदि लोग उपस्थित रहे।

एक सप्ताह से टापू में तब्दील कोडरी गांव पहुंचे एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की पीड़ा

बल्ली लगाकर मार्ग सुरक्षित कराने, स्वास्थ्य शिविर लगवाने एवं फॉगिंग के दिए निर्देश

अंगद राही 
---------------

 शिवगढ़ (रायबरेली)। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शिवगढ़ क्षेत्र में जहां हजारो हेक्टेयर धान की फसल जलमग्न हो गई हैं। वहीं दर्जनों गांव जलभराव की चपेट में हैं। सबसे खराब स्थिति ग्राम पंचायत ऐमापुर के कोडरी गांव की है जो पिछले एक सप्ताह से टापू में तब्दील  है। बुधवार को एसडीएम और सीओ ने क्षेत्र के कोडरी सहित बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनी । करीब 150 लोगों की आबादी वाले कोडरी गांव में लगभग 25 परिवार रहते हैं। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से गांव के चारो तरफ जलभराव होने के कारण बच्चों ने स्कूल जाना बन्द है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने के लिए घुटने भर से अधिक गहरे पानी से होकर ऐमापुर और शिवगढ़ जाना पड़ता है।ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष था कि गांव टापू में तब्दील होने के बावजूद न तो कोई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचा और न ही कोई अधिकारी, कर्मचारी। ग्रामीणों का कहना था कि जो भी अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि आते थे वह गांव से करीब एक किलोमीटर पहले ऐमापुर से ही वापस लौट जाते हैं। बुधवार को महाराजगंज उप जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश गौतम, सीओ प्रदीप कुमार के साथ कोडरी गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने बेबाकी से अपनी समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 800 मीटर तक रास्ते में जलभराव इतना अधिक है कि गांव में आने-जाने का रास्ता तक समझ में नहीं आ रहा है। इस पर एसडीएम ने तत्काल मार्ग के दोनों ओर बल्ली लगवाकर मार्ग सुरक्षित कराने के निर्देश दिए। बारिश समाप्त होने के बाद खड़ण्जे को करीब तीन फीट ऊंचा कराकर आरसीसी रोड़ बनवाने का आश्वासन दिया। वहीं ऐमापुर पुल के पास बंधे को हटाने, गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाने तथा गांव में फॉगिंग कराने तथा वैकल्पिक तौर पर गांव में नगर पंचायत द्वारा शौंचालय खड़े कराए जाने की बात कही। एवं बारिश उपरान्त गांव के अन्दर रास्तों को ऊंचा कराने के लिए शिवगढ़ खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया। एसडीएम चन्द्र प्रकाश गौतम का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई हैं और उन्हें तत्काल राहत दिलाने के लिए मार्ग पर आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी। जलभराव कम होते ही अन्य समस्याओं का भी निस्तारण कराया जाएगा। इस सम्बध में खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर एडीओ एजी दिलीप सोनी, ग्रामीण शिवा यादव, अभिषेक यादव, जगदीश, सुनील, धर्मराज, महादेव आदि उपस्थित रहे।

महराजगंज ड्रेन की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन ठप

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, लगाए सिंचाई विभाग मुर्दाबाद के नारे
अंगद राही
....................
शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के जगमोहनगंज मजरे बंकागढ़ में महराजगंज ड्रेन की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस आदि साधनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत न होने से ग्रामीणों में सिंचाई विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। जिसको लेकर सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सिंचाई विभाग मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाएं। प्रदर्शन करने वालों में शामिल बंकागढ़ प्रधान दुर्गेश बहादुर यादव, ग्रामीण
गनेश कुमार, रामकरन, जगदीश, आशाराम, रामलौटन, संतोष कुमार, राजेंद्र कुमार,अखिलेश कुमार, नान्हा, रामकिशोर , अमरेन्द्र कुमार, नीरज, जमुना, संतराम, विशाल, मालती, सुदामा, संतोष कुमारी, फूल कुमारी ,सीमा राजवती आदि लोगों का कहना है जगमोहनगंज में महराजगंज ड्रेन पर बनी पुलिया पिछले कई सालों से जर्जर एवं बदहाल है जिसके बिम दड़क चुके हैं। एक सप्ताह पहले बारिश में पुलिया के दोनों  सिरे क्षतिग्रस्त हो जाने से स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस, ट्रैक्टर आदि साधनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। किसी की बीमार होने पर साइकिल रिक्शा से एम्बुलेंस तक मरीज को पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने वैकल्पिक तौर पर पुलिया की मरम्मत कराने एवं समस्या के स्थाई समाधान के लिए क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह पर नई पुलिया बनवाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में सिंचाई विभाग प्रतापगढ़ खण्ड-2 के अधिशासी अभियन्ता आशुतोष सारस्वत से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था पुलिया को देखकर लगता है कि लोकल स्तर पर आवागमन के लिए यह पुलिया बनाई गई थी। मौके पर ऐई को भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था कराकर आवागमन बहाल कराया जाएगा, समस्या के स्थाई समाधान के लिए अक्टूबर में नई पुलिया के निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर नई पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। अधिशासी अभियन्ता के आश्वासन से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सतगुरु जगजीवन दास साहब के दर्शन को निकली सतनामी भक्तों की पदयात्रा

अंगद राही
----------------
 शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के दुन्ना खेड़ा मजरे पड़ीराकला से बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध कोटवाधाम में सतगुरु जगजीवन दास साहब के दर्शन के लिए बुधवार को सतनामी भक्तों की पदयात्रा रवाना हुई। पदयात्रा सतनामी भक्त रामसुख और शिवभोला के नेतृत्व में निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ बच्चे और बच्चियां भी शामिल रहे। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते एवं जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। क्षेत्र के गूढ़ा, भवानीगढ़, कुम्भी सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों का स्वागत किया। 
इससे जगह-जगह भक्तिमय माहौल बना रहा। सतनामी भक्त रामसुख ने बताया कि पदयात्रा के दौरान बुधवार की शाम को श्रद्धालु ओसानेेश्वर महादेव मन्दिर पहुंचकर विश्राम करेंगे। इसके बाद गुरुवार की सुबह स्नान-ध्यान और पूजा-अर्चना करने के बाद कोटवाधाम के लिए पुनः रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि जत्थे में 21 सतनामी भक्त जगजीवन दास साहब के दर्शन के लिए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं में सतगुरु जगजीवन दास साहब के दर्शन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। इस पदयात्रा में राहुल,सन्त कुमार आदि लोग शामिल रहे।

टापू बना शिवगढ़ क्षेत्र का कोडरी गांव, जनजीवन अस्त-व्यस्त

किसी अधिकारी कर्मचारी के गांव ना पहुंचने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

अंगद राही
.....................
रायबरेली। बेरहम बारिश के कहर एवं सिंचाई विभाग की लापरवाही से शिवगढ़ क्षेत्र में आई बाढ़ से क्षेत्र के ग्राम पंचायत ऐमापुर का कोडरी गांव टापू बन गया है। आवागमन का मात्र इकलौता रास्ता जो करीब 800 मीटर पूरी तरह से जलमग्न हो जाने से छात्र-छात्राओं ने विद्यालय जाना बन्द कर दिया है। गांव में चक्की, पलेसर अथवा कोई दुकान न होने से ग्रामीणों को जरूरी कामों से घुटने भर से अधिक गहरे पानी से होकर जाना पड़ता है।


 आलम यह है यदि किसी की तबीयत खराब हो जाए तो उसे चारपाई पर लादकर अस्पताल ले जाने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है। गांव के चारों तरफ जलभराव होने से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया, गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से टापू में तब्दील कोडरी गांव में अभी तक किसी अधिकारी, कर्मचारी के न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों एवं महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
 प्रदर्शन करने वालों में शामिल वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामकिशोर मौर्य, ग्रामीण शिवा यादव, धर्मराज, सुनील, अभिषेक यादव ,जगदेव, चंद्रभान, अमरीश, महादेव, रामकलेश, बाबू, रमेश, विकास, दिनेश, रामप्यारी, रामावती, हेमलता, सुमित्रा, श्रीमती आदि लोगों का कहना है कि अभी तक हम लोगों का हाल लेने के लिए ना ही कोई अधिकारी और कर्मचारी गांव तक आया है और ना ही किसी जनप्रतिनिधि ने गांव तक आना मुनासिब समझा। जो भी अधिकारी, कर्मचारी आते हैं बगैर गांव तक आए ऐमापुर से ही वापस लौट जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 25 घर हैं हम सभी तो किसी तरह सूखा रुखा खा लेते हैं, किन्तु बगैर दूध के बच्चे को क्या खिलाएं, बगैर चारे के मवेशी क्या खाए जो भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं।

जिनका आरोप है कि अधिकारी एसी कमरे में बैठकर फोन करते हैं और कहते हैं बाढ़ तो सब जगह आई है रास्ते में पानी भरा है तो गांव तक कैसे आए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बने शौचालयों में पानी भर गया है गांव के चारों तरफ बाढ़ का कहर ग्रामीणों को शौंच के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिनका आरोप है कि पिछले कई दशक से रानीखेड़ा के इस पार जुगराजपुर,ऐमापुर की तरफ शिवगढ़ ड्रेन की सफाई नहीं हुई है। रानीखेड़ा के आगे जो सफाई हुई है उसमें सिर्फ सफाई के नाम पर रस्म अदायगी की गई है।

 यदि शिवगढ़ ड्रेन की सफाई हुई होती तो यह नौबत ना आती। ग्रामीणों ने हमेशा के लिए समस्या के समाधान के लिए शिवगढ़ ड्रेन की अच्छी तरह से सफाई कराने एवं खडण्जा सम्पर्क मार्ग को करीब 3 फीट ऊंचा कराकर उसकी जगह पक्का सम्पर्क मार्ग बनवाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में जब महराजगंज जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश गौतम से बात की गई तो उनका कहना था कि सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं, जिनका कहना था कि सिंचाई विभाग हैदरगढ़ खण्ड 28 के अधिशासी अभियन्ता नवनीत कुमार पुलों में फंसी जलकुम्भी हटवा रहे हैं। यह भी कहना था कि जब रास्ते में जलभराव है तो गांव तक कर्मचारी कैसे पहुंचेंगे।

सड़क हादसे में कांग्रेस नेता का भाई गम्भीर रुप से घायल, ट्रॉमा सेन्टर रेफर

रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच हाईवे पर स्थित मेहरवान खेड़ा में बाइक सवार कांग्रेस नेता रामू रावत का भाई हाइवे पर खड़े डम्पर तथा पीछे से आ रहे ट्रक के बीच में चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवगढ़ लाया गया, जहां युवक की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे सीएचसी शिवगढ़ से लखनऊ ट्रामा 2 के लिए रेफर कर दिया। 

जानकारी के मुताबिक शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा मजरे खजुरों गांव का रहने वाला युवक श्यामू रावत उम्र 34 वर्ष पुत्र प्रमोद कुमार गुरुवार की देर किसी काम से गूढ़ा की ओर से भवानीगढ़ की ओर आ रहा था तभी रास्ते में मेहरवान खेड़ा के पास खड़े डम्पर के बगल से निकलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक तथा खड़े डम्पर के बीच में चपेट में आ जाने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे एम्बुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवगढ़ पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने युवक की हालत गम्भीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवगढ़ से लखनऊ ट्रामा सेन्टर के लिए रेफर कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्साधिकारी डा. सौरभ सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक श्यामू उम्र 34 वर्ष को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था प्राथमिक उपचार के पश्चात जिसे लखनऊ ट्रामा टू के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्रियदर्शिनी पब्लिक स्कूल में राजीव गांधी की जयन्ती पर बुजुर्गों का सम्मान

रायबरेली। प्रियदर्शिनी पब्लिक स्कूल भदोखर में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व.राजीव गांधी की जयन्ती के अवसर पर वरिष्ठ जन सम्मान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता आमीन पठान, युवा उपाध्यक्ष राजन यादव व पूर्व युवा इंटक अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बुजुर्गों को सम्मानित किया और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति संदेश दिया।


 इस दौरान आमीन पठान ने मोहन सिंह, धनेश यादव, वीरेंद्र कुमार, अमित कुमार त्रिपाठी, कुंवर बहादुर सिंह एवं सचिन भारतीय को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंशी मौर्य, भूपेंद्र यादव, शिरीष, अंकित सिंह, शैलेंद्र, ललित, आयुषी, सौरभ, मिनाक्षी, सूरज, किरन, रितेश, सौम्या, प्रिया व हिमांशु प्रजापति सहित सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनमोहक बना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

रायबरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज शिवगढ़ में प्रधानाचार्य शिवपाल यादव की नेतृत्व...