सड़क हादसे में काल के गाल में समा गए शिवगढ़ के 2 लाल
मित्र की बारात से वापस लौटते समय अज्ञात वाहन ने 3 मित्रों को रौंदा, 2 की मौत एक की हालत गम्भीर
अंगद राही : 9451250668
.......................................
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर देर रात दोस्त की बारात से घर लौट रहे बाइक सवार तीन दोस्तो को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया जिसमें एक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं दूसरे ने एम्स जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
खब़र से सम्बन्धित वीडियों देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें
दर्दनाक भीषण सड़क हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची 112 ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया जहां दोनों की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ.सौरभ सिंह ने प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनो को रायबरेली एम्स के लिए रेफर कर दिया।
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा गया। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के जगन्नाथ पुर मजरे सूरजपुर गांव के रहने वाले शिवशंकर रावत उम्र 28 वर्ष पुत्र भाईराम जो शिवगढ थाना क्षेत्र के बैंती बाजार निवासी अपने दोस्त पप्पू 30 वर्ष पुत्र रामफल और यहीं के रहने वाले रोहित साहू उम्र 30 वर्ष पुत्र रमेश साहू के साथ
बछरावां से बाइक से देर रात करीब 11.30 बजे घर के लिए लौट रहे थे तभी बांदा-बहराइच हाइवे पर प्याम खेड़ा के निकट स्थित आर.के.धर्म कांटा के समीप स्थित रुस्तमगंज माइनर की पुलिया के पास तेज रफ्तार किसी अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने तीनो को रौंद दिया जिससे शिव शंकर रावत की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घर से बारात के लिए निकलते समय मृतक शिवशंकर रावत द्वारा भाई के फोन से ली गई सेल्फी
वहीं रोहित साहू और पप्पू लहूलुहान हो गए, जिन्हें गम्भीर हालत में 112 के सिपाहियों ने दोनो को सीएचसी शिवगढ़ पहुंचाया जहां से दोनों की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार की पश्चात उन्हें रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया, वहीं पप्पू की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्साधिकारी डॉक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस रोहित साहू और पप्पू नाम के युवकों को एम्बुलेंस से अस्पताल लायी थी, प्राथमिक उपचार के पश्चात जिन्हें रायबरेली एम्स के लिए रेफर कर दिया गया था।
मृतक रोहित साहू की फाइल फोटो
शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि शव पीएम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतक शिवशंकर के पिता भाईराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्जकर वाहन चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
रोहित ने पत्नी से कहा वापस घर आ रहा हूं... थोड़ी देर में मिली मौत की सूचनां
रोते बिलखते मृतक के रोहित के परिजन
मृतक रोहित साहू की पत्नी खुशबू ने पति रोहित के पास फोन किया तो वह बोला वापस घर आ रहा हूं थोड़ी देर में घर पहुंच जाऊंगा। पत्नी इंतजार करती रही पति के वापस घर आने का वह तो नही पहुंचा थोड़ी देर बाद पहले हादसे की फिर मिली मौत की सूचना से पत्नी खुशबू बेसुद हो गई। परिजनों के करुण क्रंदन से बैंती बाजार कराह उठा। जवान बेटे की मौत से मां उमाकान्ती, पिता रमेश कुमार साहू, 5 वर्षीय बेटे ओमकार, 3 वर्षीय बेटे रुद्र, छोटे भाई मोहित साहू, संचित साहू का रो-रोकर बुरा हाल है।
जवान बेटे की मौत से फूट-फूट कर रोते रोहित के पिता रमेश कुमार साहू
बेटे ओमकार और रुद्र - मां खुशबू और दादा रमेश कुमार साहू से बार-बार यही पूछ रहे हैं पापा कब घर आएंगे। मासूम बच्चों को क्या पता ? अब उनके पिता कभी जिन्दा घर वापस लौटकर नहीं आऐंगे। पिता रमेश कुमार ने फफकते हुए कहा कि रोहित ने पूरा घर संभाल रखा था अब कौन घर और इस बूढ़े बाप को संभालेगा। घर में पालेसर और कोल्हू ,आंटा चक्की लगी है जिसे रोहित ने संभाल रखा था और वह इसे बृहद स्तर पर स्थापित करने की योजना बना रहा था।
घर से निकलते समय शिवशंकर ने भाई के फोन से ली सेल्फी....रात में मिली मौत खब़र
घर से बारात के लिए निकलते समय मृतक शिवशंकर रावत द्वारा भाई के फोन से ली गई सेल्फी
मृतक शिवशंकर शाम को घर से निकलते समय पत्नी और बच्चों से बोला दोस्तों के साथ दोस्त की बछरावां बारात जा रहा हूं, रात में वापस आ जाऊंगा, जिसके बाद छोटे भाई राम शंकर के मोबाइल से सेल्फी ली और बाइक से बारात के लिए निकल पड़ा। पत्नी बच्चे तथा माता-पिता भाई वापस घर आने का इन्तजार कर रहे थे तभी देर रात सूचना मिली कि सड़क हादसे में शिव शंकर की दर्दनाक मौत हो गई है।
जवान बेटे शिवशंकर रावत की मौत से रोती मां और परिजन
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी रामावती, मां मायावती, पिता भाईराम, 11 वर्षीय बेटे शिवांक, 7 वर्षीय बेटी शिवांशी, छोटे भाई शिवानन्द, रामशंकर, शिवराज,धर्मराज, शिवकरन का रो - रोकर बुरा हाल है।
बेटा शिवांक, बेटी शिवांशी मां रामावती से लिपट-लिपटकर बार-बार यही पूछ रहे हैं मम्मी पापा अभी घर नहीं आए, कब घर आएंगे और सब लोग रो क्यों रहे हैं.. बताओ ना मम्मी... मासूम बच्चों के प्रश्नों का उत्तर देने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा था। शिवशंकर लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करता था जो एक निजी चिकित्सक की कार चलाता था। दोस्त की बारात में शामिल होने के लिए लखनऊ से घर आया था उसे क्या पता था मौत उसका इन्तजार कर रही है।
जवान बेटों की उठती अर्थियां देख फफक ग्रामीण, भर आई आंखे
सड़क हादसे में काल के काल में समा गए युवकों के शव गांव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रन्दन से समूचा गांव कराह उठा। गौरतलब हो कि रविवार के देर रात करीब 11:30 बजे बछरावां से मित्र की बारात से वापस लौट रहे बाइक सवार तीन मित्रों को बांदा-बहराइच हाईवे पर स्थित शिवगढ़ थाना क्षेत्र के प्याम खेड़ा के समीप रूस्तमगंज अल्पिका की पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने तीनों को रौंद दिया था। जिसमें शिवशंकर रावत निवासी जगन्नाथपुर मजरे सूरजपुर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं बैंती बाजार निवासी रोहित साहू ने सीएचसी शिवगढ़ से जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था तथा बैंती बाजार निवासी पप्पू गम्भीर रूप से घायल हो गया था जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार को शायंकाल रोहित और शिव शंकर के शव पीएम से वापस लौटने के बाद शिवशंकर का अंतिम संस्कार गांव में और रोहित को अंतिम संस्कार के लिए गांव से डलमऊ गंगा घाट के लिए ले जाया गया। जवान बेटों की मौत से जगन्नाथपुर और बैंती में फफकते परिजनों को देख लोग अपनी आंखों में आंसू रोक नहीं पाए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें