भैंस नहलाते समय तालाब में डूबने से वृद्ध की मौत

शिवगढ़ (रायबरेली) शिवगढ़ थाना क्षेत्र के राजा का पुरवा मजरे दहिगवां में शनिवार को भैंस नहलाने गए एक वृद्ध की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक राजा का पुरवा गांव के रहने वाले 72 वर्षीय हरी पुत्र रघुवीर शनिवार की सुबह करीब 10 बजे रोज की तरह अपनी भैंसों को तालाब में नहलाने के लिए घर से निकले थे। घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित चांद के तालाब में वह भैंसों को नहला रहे थे। 


इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
वृद्ध के शोर मचाने पर आस-पास पशु चरा रहे लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें तालाब से बाहर निकाला। परिजन तत्काल उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से एक पशुपालक की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

शिवगढ़ न.पं.के विकास कार्यों के एसआईटी से जांच कराने की मांग

रायबरेली। शिवगढ़ नगर पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले पूर्व सैनिक राज किशोर बाजपेई के पक्ष में आगे आए पूर्व सैनिकों एवं नगर वासियों ने प्रदर्शन करते हुए पूर्व सैनिक राजकिशोर बाजपेई तथा पत्रकार पर दर्ज कराए गए मुकदमें को वापस लेने तथा मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पूरे मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। नगर पंचायत के विकास कार्यों में धांधली एवं भ्रष्टाचार का भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले पूर्व सैनिक राज किशोर बाजपेई के पक्ष में सोमवार नगर पंचायत के वार्ड नम्बर 10 पहाड़पुर में आगे आए भारी संख्या में नगर वासियों एवं पूर्व सैनिकों ने राजकिशोर वाजपेई के कंधे से कंधा मिलाकर प्रदर्शन किया एवं मामले की एसआईटी से जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे पूर्व सैनिक नवल किशोर त्रिवेदी, बृज किशोर बाजपेई, मनोज मिश्रा, रिपुसूदन मिश्रा, संदीप पाठक,ध्यानू पाण्डेय, दिलीप पाठक, कौशलेंद्र, जीवन पाठक, उपरेन्द्र पाठक आदि नगर वासियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि यदि 25 दिन के अन्दर मामले की निष्पक्ष जांच नही हुई तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर भ्रष्टाचार से पर्दा हटाने की अपील करेंगे। 

 पूर्व सैनिक ने की प्रेसवार्ता लगाए गम्भीर आरोप


पहाड़पुर में पूर्व सैनिक राज किशोर बाजपेई ने अन्य पूर्व सैनिकों के साथ प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि 31 मई को दोपहर करीब तीन बजे जब वह भवानीगढ़ से अपने घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयति से कार से टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान विरोधी पक्ष ने पुलिस पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया। बाजपेयी का कहना है कि शिवगढ़ नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये के गमन एवं भ्रष्टाचार की शिकायतें उन्होंने कई बार शासन और प्रशासन से की हैं, एवं जन सूचनाएं मांगी थी जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमले के आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। साथ ही कुछ लोगों द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने की बात भी कही।
राजकिशोर बाजपेयी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा शासन से पूरे प्रकरण की एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराने तथा नगर पंचायत में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

विद्युत करंट से महिला की मौत,परिजनों का रो-रोकर बुराहाल

शिवगढ़,रायबरेली। बुधवार की देर शाम विद्युत करंट से वृद्ध महिला की ह्दय विदारक मौत हो गई जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बरसीम खेड़ा मजरे गूढ़ा की है। परिजनों के मुताबिक गांव के बाहर खेत में बने नए घर में मैका उम्र लगभग 70 वर्ष पत्नी स्वर्गीय सुखराम घर में अकेली थी। परिवार के सभी लोग शाम को गांव में स्थित घर चले आए थे। शाम को जब गांव की ही एक महिला मौके पर गई तो देखा मृतका नीचे पड़ी थी और उसके सीने पर पंखा पड़ा था। जिसकी जानकारी महिला ने उसके परिजनों को दी। 


परिजनों ने एंबुलेंस को फोन किया जब मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची तो परिजनों ने ई- रिक्शा से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया जहां चिकित्सक ने प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्साधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि महिला को अस्पताल लाने से पहले उसकी मौत हो चुकी थी, परिजनों द्वारा विद्युत करंट से मौत बताई जा रही है। मृतका की बहू शिव देवी ने बताया कि एक साल पहले गांव के बाहर घर बना था जिसमें पशु बांधे जाते हैं। दिन में परिवार के सभी लोग इसी घर में रहते थे शाम को गांव में स्थित घर में चले आते थे। घटना के कुछ ही देर पहले सभी लोग घर आए थे, उन्हें क्या पता था यह घटना हो जाएगी। मृतका के चार बेटे हैं जिनमें राम प्रताप, रामबक्स, बहोरी, हेमराज के साथ ही बहुओं तथा परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।

आईआईटी जेईई एडवांस में वर्चस्व ने किया शानदार प्रदर्शन

शिवगढ़ (रायबरेली)। क्षेत्र के श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज शिवगढ़ के प्रधानाचार्य राजकुमार गुप्ता के पुत्र वर्चस्व राज गुप्ता ने आईआईटी जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। वर्चस्व ने ऑल इंडिया रैंक 10285 अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। शुरु से मेधावी रहे वर्चस्व ने वर्ष 2024 में हाईस्कूल परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक अर्जित किए थे। जिसके बाद वर्ष 2026 में इण्टरमीडिएट में 90.4 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने जेईई एडवांस जैसी कठिन परीक्षा में सफलता अर्जित की है।
वर्चस्व के पिता राजकुमार गुप्ता श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज शिवगढ़ में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात है वहीं उनकी मां भावना गुप्ता जीआईसी इण्टर कॉलेज देवानन्दपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वर्चस्व ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार  को दिया है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के शिक्षकों, गणमान्य लोगों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अरनम ने बिना कोचिंग आईआईटी-जेईई एडवांस किया पास

शिवगढ़ (रायबरेली)। दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरन्तर मेहनत के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए शिवगढ़ क्षेत्र के अरनम सिंह चौहान ने आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। खास बात यह है कि अरनम ने बिना किसी कोचिंग के  पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की।
शिवगढ़ क्षेत्र के रुद्रपुर मजरे गोविंदपुर गांव निवासी अरनम सिंह चौहान ने आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 18223 अर्जित की है। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अरनम के पिता लवपाल सिंह दयानन्द पीजी कॉलेज में प्रोफेसर हैं, जबकि माता शैल सिंह गृहिणी हैं। अरनम ने बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मअनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाया। जिनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। अरनम की उपलब्धि पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह, गोविंदपुर प्रधान एवं प्रधान संघ संरक्षक राजकुमार सिंह, युवा समाजसेवी आशू सिंह, पूर्व कोऑपरेटिव अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, राम प्रसाद यादव, अनुज सिंह समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

संघर्ष से सफलता तक: शिवगढ़ की बेटी नेहा श्रीवास्तव बनीं हाईकोर्ट की न्याय मित्र

शिवगढ़ (रायबरेली)। कठिन परिस्थितियों में भी यदि हौसले बुलंद हों तो सफलता का रास्ता स्वयं बन जाता है। शिवगढ़ क्षेत्र के बदावर गांव की बेटी नेहा श्रीवास्तव ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खण्डपीठ में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत नेहा श्रीवास्तव का चयन न्यायालय मित्र एमिकस क्यूरी के पद पर हुआ है।
नेहा श्रीवास्तव, स्वर्गीय जगत नारायण श्रीवास्तव की पौत्री तथा गीता श्रीवास्तव और अखिलेश कुमार श्रीवास्तव की पुत्री हैं। जन्म के महज 15 दिन बाद पिता के घर छोड़कर जाने के बावजूद उनकी मां ने हार नहीं मानी। सीमित संसाधनों में उन्होंने पुत्री नेहा और पुत्र अमित श्रीवास्तव को शिक्षा दिलाकर आत्मनिर्भर बनने का मार्ग दिखाया। वर्ष 1996 में स्थापित विद्यालय के माध्यम से भी उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई।
बचपन से मेधावी रहीं नेहा ने अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक, बीएड तथा लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह हाईकोर्ट की लखनऊ खण्डपीठ में प्रैक्टिस कर रही हैं। न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह एवं न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की पीठ द्वारा उन्हें न्याय मित्र के रूप में चयनित किया गया है। नेहा की यह उपलब्धि न केवल क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि कठिनाइयां सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि उसे और मजबूत बनाने का माध्यम बनती हैं। उनके चयन पर परिजनों, अधिवक्ताओं, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनमोहक बना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

रायबरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज शिवगढ़ में प्रधानाचार्य शिवपाल यादव की नेतृत्व...