किसी अधिकारी कर्मचारी के गांव ना पहुंचने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
अंगद राही
.....................
रायबरेली। बेरहम बारिश के कहर एवं सिंचाई विभाग की लापरवाही से शिवगढ़ क्षेत्र में आई बाढ़ से क्षेत्र के ग्राम पंचायत ऐमापुर का कोडरी गांव टापू बन गया है। आवागमन का मात्र इकलौता रास्ता जो करीब 800 मीटर पूरी तरह से जलमग्न हो जाने से छात्र-छात्राओं ने विद्यालय जाना बन्द कर दिया है। गांव में चक्की, पलेसर अथवा कोई दुकान न होने से ग्रामीणों को जरूरी कामों से घुटने भर से अधिक गहरे पानी से होकर जाना पड़ता है।
आलम यह है यदि किसी की तबीयत खराब हो जाए तो उसे चारपाई पर लादकर अस्पताल ले जाने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है। गांव के चारों तरफ जलभराव होने से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया, गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से टापू में तब्दील कोडरी गांव में अभी तक किसी अधिकारी, कर्मचारी के न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों एवं महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
प्रदर्शन करने वालों में शामिल वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामकिशोर मौर्य, ग्रामीण शिवा यादव, धर्मराज, सुनील, अभिषेक यादव ,जगदेव, चंद्रभान, अमरीश, महादेव, रामकलेश, बाबू, रमेश, विकास, दिनेश, रामप्यारी, रामावती, हेमलता, सुमित्रा, श्रीमती आदि लोगों का कहना है कि अभी तक हम लोगों का हाल लेने के लिए ना ही कोई अधिकारी और कर्मचारी गांव तक आया है और ना ही किसी जनप्रतिनिधि ने गांव तक आना मुनासिब समझा। जो भी अधिकारी, कर्मचारी आते हैं बगैर गांव तक आए ऐमापुर से ही वापस लौट जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 25 घर हैं हम सभी तो किसी तरह सूखा रुखा खा लेते हैं, किन्तु बगैर दूध के बच्चे को क्या खिलाएं, बगैर चारे के मवेशी क्या खाए जो भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं।
जिनका आरोप है कि अधिकारी एसी कमरे में बैठकर फोन करते हैं और कहते हैं बाढ़ तो सब जगह आई है रास्ते में पानी भरा है तो गांव तक कैसे आए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बने शौचालयों में पानी भर गया है गांव के चारों तरफ बाढ़ का कहर ग्रामीणों को शौंच के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिनका आरोप है कि पिछले कई दशक से रानीखेड़ा के इस पार जुगराजपुर,ऐमापुर की तरफ शिवगढ़ ड्रेन की सफाई नहीं हुई है। रानीखेड़ा के आगे जो सफाई हुई है उसमें सिर्फ सफाई के नाम पर रस्म अदायगी की गई है।
यदि शिवगढ़ ड्रेन की सफाई हुई होती तो यह नौबत ना आती। ग्रामीणों ने हमेशा के लिए समस्या के समाधान के लिए शिवगढ़ ड्रेन की अच्छी तरह से सफाई कराने एवं खडण्जा सम्पर्क मार्ग को करीब 3 फीट ऊंचा कराकर उसकी जगह पक्का सम्पर्क मार्ग बनवाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में जब महराजगंज जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश गौतम से बात की गई तो उनका कहना था कि सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं, जिनका कहना था कि सिंचाई विभाग हैदरगढ़ खण्ड 28 के अधिशासी अभियन्ता नवनीत कुमार पुलों में फंसी जलकुम्भी हटवा रहे हैं। यह भी कहना था कि जब रास्ते में जलभराव है तो गांव तक कर्मचारी कैसे पहुंचेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें