परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, एसडीएम–सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

लवकुश शुक्ला 
.........................
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावां पुलिस चौकी अन्तर्गत कोनी मोड़ के पास ट्रैक्टर की टक्कर से किशोरी की मौत के मामले में आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार की शाम हैदरगढ़–महाराजगंज हाईवे जाम कर दिया। पोस्टमार्टम से शव वापस लौटने के बाद घर से शव अन्तिम संस्कार को ले जाते समय परिजनों ने गुमावां चौकी से करीब 200 मीटर दूर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

हाईवे जाम होने की सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ शाम करीब सवा छह बजे महराजगंज के उप जिलाधिकारी गौतम सिंह और क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों द्वारा 24 घण्टे के भीतर आरोपी चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन बंद किया। गौरतलब है कि मंगलवार की शाम करीब 6 बजे गन्ना लादकर पोखरा चीनी मिल जा रहे ट्रैक्टर ने कोनी मोड़ के पास बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी। 

हादसे में बाइक सवार पूरे पंडित मजरे गुमावां निवासी सुरेश कुमार द्विवेदी की 15 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पीछे बैठी 12 वर्षीय सेजल को मामूली चोटें आई थीं। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक महेंद्र सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

शिवगढ़ में फाइलेरिया जागरूकता मैत्रीय क्रिकेट मैच सम्पन्न

नगर पंचायत शिवगढ़ ने अरबाज इलेवन को 11 रनों से किया पराजित   रायबरेली। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे फाइलेरिया ...