रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के राजामऊ गांव में सोमवार की दोपहर एक युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला सामने आया। प्रेम प्रसंग में विवाद से आहत युवक ने पहले फांसी लगाने की कोशिश की और असफल रहने पर स्वयं पर डीजल डालकर आग लगा ली। गम्भीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार राजामऊ निवासी प्रमोद कुमार (28) पुत्र रामप्यारे का पिछले एक-दो वर्षों से एक युवती से प्रेम संबंध था। परिजनों के मुताबिक रविवार और सोमवार की रात मोबाइल पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। इससे क्षुब्ध होकर सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि प्रयास विफल होने पर उसने कमरे का दरवाजा बंद कर स्वयं पर डीजल डालकर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। युवक का उपचार चल रहा है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें