कार्यक्रम में निपुण बच्चों ने बिखेरा जलवा
रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गूढ़ा में “हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह, खण्ड शिक्षाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा तथा प्रधानाध्यापिका हिमांशी सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से किया गया।
निपुण विद्यार्थियों ने सरस्वती वन्दना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दी। बच्चों की प्रस्तुति पर अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
ब्लॉक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जरूरत सिर्फ उन्हें मंच देने की है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं।
” खण्ड शिक्षाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। विद्यालय का यह प्रयास सराहनीय है।” प्रधानाध्यापिका हिमांशी सिंह ने कहा, “हमारा उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और रचनात्मकता का वातावरण देना है।” कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, एआरपी विनय मिश्रा, रामू, बृज किशोर वर्मा, धर्मेंद्र सिंह, कार्यालय सहायक अनिल कुमार, मोहम्मद इमरान, सहायक अध्यापिका मालती देवी, राजेंद्र बाजपेई व सुकीर्ति सहित गणमान्य उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें