रायबरेली। रायबरेली में शिवगढ़ क्षेत्र के भैरमपुर मजरे बैंती स्थित प्रसिद्ध मां चन्द्रिका देवी शक्तिपीठ मंदिर में आयोजित विशाल भण्डारा एवं भव्य माता जागरण श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में आस-पास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर मातारानी का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
दिन भर चले भण्डारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में भण्डारे के समापन के बाद भव्य जागरण आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धा म्यूजिकल ग्रुप भवानीगढ़, रायबरेली के कलाकारों ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
जागरण में मशहूर गायक रिंकू जायसवाल, शनि हिन्दुस्तानी (लखनऊ), रुबली तिवारी (भातखंडे, लखनऊ) और अनूप मिश्रा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को पूरी रात भक्ति रस में सराबोर रखा। वहीं साहिल झांकी ग्रुप कानपुर के कलाकारों ने भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, महाकाल की भस्म आरती, बाहुबली हनुमान तथा बाहुबली शंकर-हनुमान गौरिल्ला, श्री कृष्ण रासलीला से जुड़ी आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके अलावा मथुरा, वृंदावन और बरसाने की फूलों की होली की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूप में श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश रावत के नेतृत्व में पं. आशीष अवस्थी, पुजारी पुत्तन तिवारी, रविंद्र कुमार, कैलाश मौर्य, दिलीप यादव, हरिश्चंद्र यादव, धर्मवीर यादव, सागर त्यागी, जगजीवन त्यागी, खिलाड़ी प्रधान, संतोष रावत, रामखेलावन यादव, ओम प्रकाश यादव, मनोज रावत और लोकई यादव सहित ग्रामीणों के सहयोग से किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें