श्री शिवकुमार त्रिवेदी कैरियर प्लस इण्टर कॉलेज में किया गया सम्मानित
रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी साहिबा बानो ने पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर नायब तहसीलदार बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। मंगलवार को जिन्हें श्री शिवकुमार त्रिवेदी कैरियर प्लस इण्टर कॉलेज, शिवगढ़ में विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप कुमार त्रिवेदी, प्रधानाचार्या इन्दूबाला सिंह,शिक्षक भारत सिंह, अजय दीक्षित, धीरेंद्र सिंह, अवधेश पाण्डेय, महेंद्र दुबे, कृष्ण कुमार अवस्थी और जेपी सिंह सहित विद्यालय परिवार ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की ढेरों शुभकामनाएं दी। प्रबंधक प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने भावुक और प्रेरणादायक शब्दों में कहा, “साहिबा बानो की यह सफलता केवल उनके परिवार या विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे शिवगढ़ क्षेत्र की उपलब्धि है। जिन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। साहिबा ने न सिर्फ अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।” ज्ञात हो कि साहिबा बानो ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर इण्टरमीडिएट तक की शिक्षा श्री शिवकुमार त्रिवेदी कैरियर प्लस इण्टर कॉलेज से हांसिल की है। साहिबा बानो ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा घोषित पीसीएस 2024 के अंतिम परिणाम में शानदार सफलता हासिल करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान अर्जित किया है।
साहिबा बानो वर्तमान समय में बेसिक शिक्षा विभाग के क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय निहाल खेड़ा में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अच्छे शिक्षण कार्य के साथ ही साथ कठिन परिश्रम और लगन से यह सफलता अर्जित की है। उनके दिवंगत पिता मोहम्मद रसीद शिवगढ़ ग्राम पंचायत से पूर्व प्रधान थे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें