शोभायात्रा में उमड़ा अम्बेड़कर अनुयायियों का सैलाब
रायबरेली। भारतीय संविधान के शिल्पकार भारतरत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती के पावन अवसर पर शिवगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नम्बर 1 दामोदर खेड़ा स्थित बौद्ध उपासक महासभा कार्यालय परिसर से युवा समाजसेवी आलोक बौद्ध के नेतृत्व एवं दीपक बौद्ध के संयोजन में 'हम भारत के लोंगो' द्वारा भव्य अम्बेडकर शोभायात्रा निकाली गई। जो भवानीगढ़ चौराहा, गूढ़ा , रानीखेड़ा, तिलेण्ड़ा, बछरावां, महराजगंज होते हुए हलोर पहुंची जहां आलोक कुमार बौद्ध द्वारा अम्बेडकर प्रतिमा का अनावरण किया गया।
इसके पश्चात हलोर से रवाना हुई शोभायात्रा रामपुर टिकरा, ओसाह, रामपुर खास, शिवगढ़ होते हुए पुन: दामोदर खेड़ा आकर समाप्त हुई।
करीब 2 किलोमीटर लम्बी इस शोभायात्रा में अनुमानित 6000 से अधिक लोग शामिल रहे। शोभायात्रा में तथागत महात्मा गौतम बुद्ध तथा बाबा साहब का रथ आकर्षण का केंद्र बना रहा। शोभायात्रा के दौरान जय भीम के नारों से शिवगढ़ और बछरावां गूंज उठा। करीब 50 किलोमीटर लम्बी इस अम्बेडकर शोभायात्रा में शामिल लोगों के चेहरे पर गजब का उत्साह दिखाई दे रहा था। हाथों में झण्ड़ा लेकर जय भीम के नारे लगाते हुए पैदल चल रहे लोगों के चेहरे पर थकान की सिकन के बजाय उत्साह था, उमंग थी ,जोश था, बाबा साहब के प्रति सम्मान की झलक थी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह के साथ ही शिवगढ़ और बछरावां पुलिस शोभायात्रा में मौजूद रही। शोभायात्रा को शान्तिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराने एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भीम हेड कमाण्डर संदीप विद्यार्थी के मार्गदर्शन में बाकायदा 370 भीम कमाण्डर लगाए गए थे, जो यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने को लेकर शोभायात्रा में चल रहे लोगों को गाइड कर रहे थे। इस मौके आयोजक कमेटी के मुख्य सलाहकार अमरीश बौद्ध, आरवी टेडर्ड के मालिक मनोज रावत, देवतादीन पासवान, ओम प्रकाश रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केतार पासी,अम्बरीष दीवाना, बसंत लाल, मोहित विक्रम,रोहित गौतम,जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सोनू हाण्डा,अवधेश रावत,उमेश गौतम,संजय मौर्य सहित हजारों की संख्या में अम्बेडकर अनुयायी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें