शिवगढ़ (रायबरेली)। यूपी के रायबरेली में शिवगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत बांदा–बहराइच राजमार्ग पर स्थित नरबिला पुल के पास मंगलवार की सुबह एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने एवं आवागमन के लिए निकले स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो लोगों में हड़कम्प मच गया। देखते ही देखते कुछ ही देर में घटना स्थल पर ग्रामीणों का मजमा गया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 व शिवगढ़ पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया किन्तु शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।
हालांकि अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर भी मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान के लिए स्थानीय लोगों के अलावा सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। वहीं स्थानीय ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा करने के साथ ही तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें