शिवगढ़ (रायबरेली)। दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरन्तर मेहनत के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए शिवगढ़ क्षेत्र के अरनम सिंह चौहान ने आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। खास बात यह है कि अरनम ने बिना किसी कोचिंग के पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की।
शिवगढ़ क्षेत्र के रुद्रपुर मजरे गोविंदपुर गांव निवासी अरनम सिंह चौहान ने आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 18223 अर्जित की है। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अरनम के पिता लवपाल सिंह दयानन्द पीजी कॉलेज में प्रोफेसर हैं, जबकि माता शैल सिंह गृहिणी हैं। अरनम ने बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मअनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाया। जिनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। अरनम की उपलब्धि पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह, गोविंदपुर प्रधान एवं प्रधान संघ संरक्षक राजकुमार सिंह, युवा समाजसेवी आशू सिंह, पूर्व कोऑपरेटिव अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, राम प्रसाद यादव, अनुज सिंह समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें