आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, लगाए सिंचाई विभाग मुर्दाबाद के नारे
अंगद राही
....................
शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के जगमोहनगंज मजरे बंकागढ़ में महराजगंज ड्रेन की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस आदि साधनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत न होने से ग्रामीणों में सिंचाई विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। जिसको लेकर सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सिंचाई विभाग मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाएं। प्रदर्शन करने वालों में शामिल बंकागढ़ प्रधान दुर्गेश बहादुर यादव, ग्रामीण
गनेश कुमार, रामकरन, जगदीश, आशाराम, रामलौटन, संतोष कुमार, राजेंद्र कुमार,अखिलेश कुमार, नान्हा, रामकिशोर , अमरेन्द्र कुमार, नीरज, जमुना, संतराम, विशाल, मालती, सुदामा, संतोष कुमारी, फूल कुमारी ,सीमा राजवती आदि लोगों का कहना है जगमोहनगंज में महराजगंज ड्रेन पर बनी पुलिया पिछले कई सालों से जर्जर एवं बदहाल है जिसके बिम दड़क चुके हैं। एक सप्ताह पहले बारिश में पुलिया के दोनों सिरे क्षतिग्रस्त हो जाने से स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस, ट्रैक्टर आदि साधनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। किसी की बीमार होने पर साइकिल रिक्शा से एम्बुलेंस तक मरीज को पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने वैकल्पिक तौर पर पुलिया की मरम्मत कराने एवं समस्या के स्थाई समाधान के लिए क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह पर नई पुलिया बनवाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में सिंचाई विभाग प्रतापगढ़ खण्ड-2 के अधिशासी अभियन्ता आशुतोष सारस्वत से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था पुलिया को देखकर लगता है कि लोकल स्तर पर आवागमन के लिए यह पुलिया बनाई गई थी। मौके पर ऐई को भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था कराकर आवागमन बहाल कराया जाएगा, समस्या के स्थाई समाधान के लिए अक्टूबर में नई पुलिया के निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर नई पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। अधिशासी अभियन्ता के आश्वासन से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें