बल्ली लगाकर मार्ग सुरक्षित कराने, स्वास्थ्य शिविर लगवाने एवं फॉगिंग के दिए निर्देश
अंगद राही
---------------
शिवगढ़ (रायबरेली)। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शिवगढ़ क्षेत्र में जहां हजारो हेक्टेयर धान की फसल जलमग्न हो गई हैं। वहीं दर्जनों गांव जलभराव की चपेट में हैं। सबसे खराब स्थिति ग्राम पंचायत ऐमापुर के कोडरी गांव की है जो पिछले एक सप्ताह से टापू में तब्दील है। बुधवार को एसडीएम और सीओ ने क्षेत्र के कोडरी सहित बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनी । करीब 150 लोगों की आबादी वाले कोडरी गांव में लगभग 25 परिवार रहते हैं। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से गांव के चारो तरफ जलभराव होने के कारण बच्चों ने स्कूल जाना बन्द है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने के लिए घुटने भर से अधिक गहरे पानी से होकर ऐमापुर और शिवगढ़ जाना पड़ता है।ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष था कि गांव टापू में तब्दील होने के बावजूद न तो कोई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचा और न ही कोई अधिकारी, कर्मचारी। ग्रामीणों का कहना था कि जो भी अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि आते थे वह गांव से करीब एक किलोमीटर पहले ऐमापुर से ही वापस लौट जाते हैं। बुधवार को महाराजगंज उप जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश गौतम, सीओ प्रदीप कुमार के साथ कोडरी गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने बेबाकी से अपनी समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 800 मीटर तक रास्ते में जलभराव इतना अधिक है कि गांव में आने-जाने का रास्ता तक समझ में नहीं आ रहा है। इस पर एसडीएम ने तत्काल मार्ग के दोनों ओर बल्ली लगवाकर मार्ग सुरक्षित कराने के निर्देश दिए। बारिश समाप्त होने के बाद खड़ण्जे को करीब तीन फीट ऊंचा कराकर आरसीसी रोड़ बनवाने का आश्वासन दिया। वहीं ऐमापुर पुल के पास बंधे को हटाने, गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाने तथा गांव में फॉगिंग कराने तथा वैकल्पिक तौर पर गांव में नगर पंचायत द्वारा शौंचालय खड़े कराए जाने की बात कही। एवं बारिश उपरान्त गांव के अन्दर रास्तों को ऊंचा कराने के लिए शिवगढ़ खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया। एसडीएम चन्द्र प्रकाश गौतम का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई हैं और उन्हें तत्काल राहत दिलाने के लिए मार्ग पर आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी। जलभराव कम होते ही अन्य समस्याओं का भी निस्तारण कराया जाएगा। इस सम्बध में खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर एडीओ एजी दिलीप सोनी, ग्रामीण शिवा यादव, अभिषेक यादव, जगदीश, सुनील, धर्मराज, महादेव आदि उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें