रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के ऐमापुर मजरे कोडरी निवासी शिवा यादव ने ग्रामीणों की ओर से नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी को पत्र सौंपकर कोडरी ग्राम पंचायत के लिए करीब एक किलोमीटर पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। पत्र में बताया गया कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के बाद शिवगढ़ क्षेत्र में आई बाढ़ से कोडरी गांव करीब 15 दिनों तक जलमग्न रहा और टापू में तब्दील हो गया था। जलभराव के कारण गांव का आस-पास के गांवों से सम्पर्क टूट गया था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बच्चों ने विद्यालय जाना बन्द कर दिया था। वहीं बीमार मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कत हुई।
शिवा यादव ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों की ओर से जनता दरबार में सांसद राहुल गांधी को पत्र सौंपा। उन्होंने समस्या को गम्भीरता से लेते हुए उनके सामने ही संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उम्मीद जताई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें