रायबरेली। इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आईटीआई) की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पांच महीने से वेतन न मिलने का आरोप लगाया है जिनका कहना है कि उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से पूर्व सैनिक संस्थान के सुरक्षाकर्मियों को पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन के अभाव में सुरक्षाकर्मियों के सामने परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी हो रही है।
सुरक्षा अधिकारी पीडी मिश्रा ने बताया कि आईटीआई की ओर से फंड रिलीज नहीं किया गया है। इसके चलते सुरक्षाकर्मियों का वेतन नहीं मिल सका। वहीं, सुरक्षा में तैनात अनिरुद्ध कुमार पांडेय और मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि आईटीआई प्रबंधक रमेश चंद्र यादव द्वारा वेतन रोका गया है। हालांकि, वेतन भुगतान में देरी को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि वह नियमित रूप से संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, लेकिन पांच माह से वेतन न मिलने से आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र वेतन भुगतान कराने की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें