रायबरेली। रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा मजरे कुर्री गांव में शनिवार की सुबह एक युवक का शव घर के अन्दर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार रोशन (28) पुत्र छेदालाल शनिवार कीसुबह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता छेदालाल ने गांव के एक पड़ोसी व उसके बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में भैंस गुम होने को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार को बकरी को लेकर भी कहासुनी हुई थी, जिसके चलते रंजिशन बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें