मथुरा। जिले के विख्यात गौ-सेवक बाबा चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि बाबा गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे, इसी दौरान उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जैसे ही यह खबर फैली, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश उमड़ पड़ा। बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाइवे पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पथराव किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों के हल्की चोटें आने की भी सूचना है।
फरसा वाले बाबा के निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। उन्हें गौ-सेवा और समाजसेवा के लिए दूर-दूर तक जाना जाता था। उनके अनुयायी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है। बाबा के निधन से हर आंख नम है और लोग उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें