रायबरेली। रायबरेली में शिवगढ़ क्षेत्र का रामपुर खास-रायपुर नेरुवा सम्पर्क मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक किलोमीटर लम्बे इस मार्ग का अधिकांश हिस्सा कच्चा है, जबकि कुछ दूरी पर ही खड़ंजा लगा हुआ है। कच्चा हिस्सा पूरी तरह जर्जर होकर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे आवागमन जोखिम भरा बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। ऊसरीली मिट्टी होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़क की मिट्टी बह जाती है और रास्ता गड्ढों में तब्दील हो जाता है। इससे दोपहिया और पैदल चलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्राम प्रधान द्वारा समय-समय पर इस मार्ग की मरम्मत कराई जाती है, लेकिन स्थायी समाधान न होने के कारण समस्या जस की तस बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी जाती है, जो बारिश में बह जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मार्ग पर खड़ंजा या पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके और लोगों को राहत मिल सके। खण्ड विकास अधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि जांच करा कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें