सीमित संसाधनों में पढ़ाई कर किसान के बेटे ने हांसिल की सफलता
अंगद राही
-----------------
रायबरेली। सीमित संसाधनों में कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर हौसलों से सफलता की उड़ान भरकर इनकम टैक्स कार्यालय अधीक्षक बने दिवाकर पटेल ने शिवगढ़ क्षेत्र ही नहीं समूचे रायबरेली जनपद को गौरवान्वित कर दिया है। लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली जनपद की सीमा पर स्थित शिवगढ़ क्षेत्र के बहुदाकला गांव के रहने वाले कृषक लालता प्रसाद पटेल के छोटे बेटे दिवाकर पटेल ने एसएससी सीजीएल 2025 के परिणाम में 1933वीं रैंक अर्जित कर इनकम टैक्स कार्यालय अधीक्षक बनकर रायबरेली जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
उनकी इस उपलब्धि से शिवगढ़ क्षेत्र ही नही समूचा रायबरेली जनपद गौरवान्वित हुआ है। शुक्रवार को जिनके सम्मान में एसआरएम पब्लिक स्कूल बहुदाकला प्रांगण में विद्यालय प्रबंधक एवं ग्राम प्रधान अनिल वर्मा के नेतृत्व में स्वागत एवं भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिसमें दिवाकर पटेल व उनके बड़े भाई इंजीनियर विनय कुमार पटेल, पिता लालता प्रसाद पटेल, मां लक्ष्मी को बधाइयां देने का सिलसिला दिनभर जारी रहा।
दिवाकर पटेल ने बताया कि उन्होंने प्रारम्भिक शिक्षा एसआरएम पब्लिक स्कूल बहुदाकला से पूरी करने के बाद उन्होंने माध्यमिक शिक्षा श्री शिव कुमार त्रिवेदी कैरियर प्लस इण्टर कॉलेज शिवगढ़ से पूरी की। वर्ष 2022 में सीयूईटी परीक्षा पास कर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से 2025 में बीएससी मैथ आनर्स किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमएलसी प्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य विनय वर्मा ने कहा कि दिवाकर पटेल की सफलता यह साबित करती है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता में बाधा नहीं बन सकती, यदि इरादे मजबूत हों। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि दिवाकर की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देती है।
इस मौके पर पूर्व सैनिक राजकिशोर बाजपेई, आलोक पटेल, विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, अमर सिंह, कन्हैया वर्मा, देवेंद्र वर्मा, परशुराम वर्मा, विपिन वर्मा, नरदही प्रधान ताराचंन्द्र, गनाहरी प्रधान अंकुर वर्मा, गूढ़ा प्रधान प्रतिनिधि अंकित वर्मा, अनुभव, अभिषेक, प्रदीप, आयुष वर्मा, गौरव, विमलाकर आदि लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें