घर का सामान मलबे में दबा, पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर
शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैंती में लगातार बारिश के चलते शुक्रवार को पक्का मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय मकान गिरा, उस समय परिवार का कोई सदस्य अन्दर मौजूद नहीं था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्राम पंचायत बैंती में मस्जिद चौराहे के समीप बकरीदी दर्जी का मकान शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। बकरीदी दर्जी ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। घटना के समय वह बकरियां चराने गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटियां पड़ोसी के घर गई थीं तथा बेटा भी घर से बाहर था। इस कारण परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
मकान गिरने से घर के अन्दर रखा खाने-पीने का सामान व अन्य घरेलू सामन मलबे में दब गई, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ है। मकान गिरने के बाद गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। पीड़ित बकरीदी दर्जी ने बताया कि उन्होंने मजदूरी कर किसी तरह मकान बनवाया था। मकान जर्जर होने के कारण वह कई बार आवास की मांग को लेकर खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय गए, लेकिन उन्हें यह कहकर आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया कि उनका मकान पक्का बना हुआ है।
इस सम्बन्ध में हल्का लेखपाल अभिषेक पटेल ने बताया कि मौके की जांच कर ली गई है और जांच रिपोर्ट तहसील को भेजी जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें