बैंक हड़ताल से शिवगढ़ क्षेत्र में डेढ़ करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित

शिवगढ़ (रायबरेली)। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को शिवगढ़ क्षेत्र में संचालित विभिन्न बैंकों की शाखाओं में तालाबंदी रही। इससे आमजन के साथ ही व्यापारियों और विभिन्न संस्थानों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अनुमान है कि एक दिन में क्षेत्र में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन प्रभावित हुआ।
शिवगढ़ क्षेत्र में 36 ग्राम पंचायतों और एक नगर पंचायत सहित लगभग डेढ़ लाख की आबादी निवास करती है। क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां भी काफी व्यापक हैं। बैंती बाजार, शिवगढ़ कस्बा, गुमांवा चौराहा, भवानीगढ़ चौराहा और गूढ़ा चौराहा समेत पूरे क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की तीन, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की तीन, पंजाब नेशनल बैंक की एक तथा यूको बैंक की एक शाखा संचालित है।
शुक्रवार को बैंक बंद रहने से नकद लेन-देन और अन्य बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं। यदि क्षेत्र के सभी बैंकों के एक दिन के कारोबार का आकलन किया जाए तो करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन प्रभावित होने का अनुमान है।
गीता फिलिंग स्टेशन अहलादगढ़ के राजेश पांडेय, हमारा पंप ओसाह के संचालक विनोद कुमार तथा बरुणा गैस एजेंसी के मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि नकदी की व्यवस्था और तेल मंगाने के लिए किए जाने वाले आरटीजीएस समेत अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि हड़ताल लंबी चली तो व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
वहीं, भवानीगढ़ गांव निवासी रामबिलास शुक्ल, लल्लन सिंह और संजय सिंह तथा बेड़ारु गांव के अंकित वर्मा व दीपू वर्मा ने बताया कि उन्हें बैंक हड़ताल की जानकारी नहीं थी। वे पैसे निकालने के लिए बैंक पहुंचे तो शाखा में ताला लटका मिला। कुंभी गांव निवासी रामविशाल त्रिवेदी और हरेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
बैंक बंद रहने से विद्युत विभाग, पेट्रोल पंपों और अन्य छोटे-बड़े संस्थानों से जुड़े लोग भी रकम जमा करने और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे, लेकिन शाखाएं बंद मिलने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
फोटो कैप्शन : भवानीगढ़ में बैंक ऑफ बड़ौदा की बेड़ारु शाखा में शुक्रवार को लटका ताला।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कम्पोजिट विद्यालय गूढ़ा में तिथि भोज उत्सव का हुआ भव्य आयोजन

रायबरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन एवं  खण्ड शिक्षाधिकारी के मार्ग दर्शन में शिवगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गू...