मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप, मां-बेटी ने वीडियो जारी कर लगाई न्याय की गुहार

रायबरेली। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में रविवार को नया मोड़ सामने आया। नाबालिग पीड़िता और उसकी मां ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि मुकदमे के आरोपी और उनके परिवार के लोग उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि मुकदमा वापस न लेने पर मां-बेटी दोनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता की मां ने वीडियो में आरोप लगाया कि रविवार को नारेबाजी करते हुए दर्जनों लोग उनके घर पहुंचे थे। इससे परिवार में भय का माहौल है। मां-बेटी ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी पक्ष ने लगाए गम्भीर आरोप

उधर, नाम न छापने की शर्त पर आरोपी पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज न होने और कार्रवाई न किए जाने का भरोसा दिलाकर कुछ कथित दलालों ने उनसे कई लाख रुपये लिए हैं। परिजनों का कहना है कि इस संबंध में उनके पास जो भी जानकारी और साक्ष्य हैं, उन्हें सामने लाकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।


 आरोपी की मां की तबीयत बिगड़ी


उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हंगामा बढ़ गया, जब मुकदमे में आरोपी युवक की मां गुड्डी की अचानक तबीयत खराब होhp गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में परिवारजन और व्यापारी भी मौजूद रहे।
मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में निर्दोष लोगों को फर्जी तरीके से फंसाया गया है। उनका कहना था कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद के चलते इस तरह के आरोप लगाए गए हैं।
शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी की मां गुड्डी की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज न कराने अथवा कार्रवाई न कराने के नाम पर पैसे लिए हैं तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। शिकायत और साक्ष्य मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुलिस जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बहुदाखुर्द में सीसी रोड पर मवेशी बांधे जाने से राहगीर परेशान

राहगीरों ने पुलिस और डीएम से शिकायत करने की दी चेतावनी शिवगढ़,रायबरेली। बैंती-लालगंज सम्पर्क मार्ग पर स्थित बहुदा खुर्द में सीसी...