बहला-फुसलाकर ले जाने और धमकी देने का आरोप
तीन दिन तक थाने में सुनवाई न होने पर मां-बेटी ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता की मां ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि विरोध करने पर उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि मामले में मां-बेटी ने शिवगढ़ थाने में तीन दिन तक कार्रवाई के लिए गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके बाद पीड़िता की मां ने बेटी के साथ पुलिस अधीक्षक के यहां पहुंचकर शिकायत की। जिसके बाद गुरुवार की देर रात शिवगढ़ थाने में दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एफआईआर के मुताबिक, शिवगढ़ नगर पंचायत निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि माधव खेड़ा निवासी मोहम्मद असलम उसकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देता था। आरोप है कि 7 अगस्त को वह उसकी बेटी को घर से लखनऊ ले गया। महिला ने किराये के कमरे में कई घण्टे रुकने के बाद उसे दिल्ली ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। महिला के मुताबिक, आठ अगस्त की रात करीब एक बजे किशोरी को वापस घर लाया गया। मामले में असलम के भाई रईस और बहनोई हैदर अली समेत अन्य लोगों की भूमिका का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया कि घटना की जानकारी होने पर विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई तथा बाद में शादी से इन्कार कर दिया गया।
पीड़िता की मां का आरोप है कि वह अपनी बेटी के साथ तीन दिन तक शिवगढ़ थाने में कार्रवाई की मांग करती रही, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद मां-बेटी ने पुलिस अधीक्षक के यहां पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश के बाद गुरुवार की देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने दुष्कर्म, बहला-फुसलाकर ले जाने, धमकी देने तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें