रायबरेली। बछरावां क्षेत्र के सेहगों तमनपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय तमनपुर में आजादी का महापर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। महाविद्यालय में ध्वजारोहण करते ही जैसे ही में तिरंगा शान से लहराया, भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
उपस्थित लोगों की आंखों में उन अमर शहीदों के प्रति सम्मान झलक रहा था, जिन्होंने मातृभूमि की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
महाविद्यालय के प्रबन्धक अमर सिंह चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया।
जिसके बाद प्रबन्धक तथा प्राचार्य डॉ. अभय सिंह, डॉ. मारुति कुमार मिश्रा, जगदेव सिंह, डॉ. फूल सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, प्राची चौधरी, प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों ने भारत माता एवं भारत माता के वीर शहीद सपूतों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
प्रबन्धक अमर सिंह चौधरी ने कहा कि देश की आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, इसके पीछे असंख्य वीरों का त्याग, तपस्या और बलिदान है। जिन वीरों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया, उनका ऋण देशवासी कभी नहीं चुका पाएंगे। हमें आजादी की कीमत समझकर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।
प्राचार्य डॉ. अभय सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि यह देश के गौरव, शौर्य, देश की आन, बान, शान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। शहीदों के सपनों का भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें