अंगद राही : 9451250668
........................................
रायबरेली (शिवगढ़) भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कराने एवं गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को शिवगढ़ क्षेत्र में गौरक्षा एवं हिंदू सनातन धर्म जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा शिवगढ़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष अवधेश त्रिवेदी एवं अभिषेक ठाकुर के नेतृत्व में हिंदुत्ववादी संगठनों एवं सनातनियों के संयुक्त तत्वावधान में कुम्भी बॉर्डर से शिवगढ़ कस्बे तक पदयात्रा निकली गई। इस विशाल पदयात्रा का समापन शिवगढ़ कस्बे में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के साथ हुआ।
यात्रा में प्रसिद्ध कथा व्यास पं. अंकुल जी महाराज, डॉ. प्रकाश, गौरव राजपूत चंबल, रितिका शर्मा, अक्कू पंडित, शिवम गौड़, युधिष्ठिर राणा, दक्ष चौधरी, आकाश सिसोदिया सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु व हिंदू युवा शामिल रहे। भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
पदयात्रा कुम्भी बॉर्डर से प्रारंभ होकर भवानीगढ़ चौराहे पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पदयात्रा शिवगढ़ कस्बे में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन स्थल पर पहुंची। सम्मेलन में वक्ताओं ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हिंदू समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि जातिवाद से ऊपर उठकर सभी हिंदुओं को संगठित होना होगा और अपनी संख्या एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज समय रहते जागरूक नहीं हुआ तो भविष्य में गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। वक्ताओं ने बहन-बेटियों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए समाज विरोधी तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जी.बी. सिंह, नंद किशोर तिवारी, अजय पांडेय, आलोक त्रिवेदी, धर्मेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़, झांसी समेत कई जनपदों से आए हिंदू युवाओं की सहभागिता रही। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ।
हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिवगढ़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष अवधेश त्रिवेदी ने कहा कि यह पदयात्रा और विराट हिंदू सम्मेलन समाज को जागरूक करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हमारी पहचान है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। आज आवश्यकता है कि जाति, वर्ग और क्षेत्र से ऊपर उठकर समस्त हिंदू समाज एकजुट हो। गौ माता की रक्षा और बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर समाज को सजग रहना होगा। जब हिंदू संगठित रहेगा तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा।
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष बीबी सिंह ने कहा कि हिंदू सम्मेलन ने समाज में नई चेतना का संचार किया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन पद्धति है, जिसे बचाए रखना हर हिंदू की जिम्मेदारी है। आज युवाओं को आगे आकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। संगठित समाज से ही राष्ट्र सुरक्षित और सशक्त बन सकता है।